# Tags
#राज्य

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किडनी रोगी के इलाज के लिए स्वीकृत किए 3.95 लाख रुपये

image editor output image2111994588 1782037926726

रायपुर, 21 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत जशपुर जिले के गंभीर किडनी रोगी जितेन्द्र कुमार यादव (44 वर्ष) के उपचार और किडनी प्रत्यारोपण के लिए 3 लाख 95 हजार 121 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है।

जानकारी के अनुसार, जशपुर निवासी जितेन्द्र कुमार यादव लंबे समय से गंभीर किडनी रोग से पीड़ित हैं और उन्हें रेनल ट्रांसप्लांट (किडनी प्रत्यारोपण) की आवश्यकता है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार को उपचार कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

परिजनों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

राज्य नोडल एजेंसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह राशि अहमदाबाद स्थित जी.आर. दोशी एवं के.एम. मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ किडनी एंड रिसर्च सेंटर में किडनी प्रत्यारोपण, उपचार और आवश्यक दवाइयों के लिए मंजूर की गई है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार गंभीर और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि जीवनरक्षक उपचार के अभाव में किसी परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत इस सहायता से मरीज और उसके परिजनों को बड़ी राहत मिली है। परिजनों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब आवश्यक उपचार संभव हो सकेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *