25 मई 2026 | बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मोहरा में कथित धर्मांतरण को लेकर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, रविवार को एक प्रार्थना सभा के दौरान लोगों को प्रलोभन देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर मालिक समेत अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शिकायतकर्ता सुमित यादव ने आरोप लगाया कि राम स्वरूप सूर्यवंशी के घर में आयोजित सभा में जितेंद्र सूर्यवंशी और पंकज कुमार करियारे सहित कुछ लोग मौजूद थे, जो कथित तौर पर बेहतर सुविधाएं, मुफ्त इलाज और अच्छे घर में शादी का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे।

हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। मौके पर बाइबल और नाश्ते की व्यवस्था भी होने की बात कही गई है। मामले की सूचना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया।

धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के तहत केस दर्ज
सीपत थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts