ट्विशा शर्मा मौत मामले में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर आज सुनवाई, दिल्ली AIIMS में जांच कराने की याचिका पर कोर्ट करेगा विचार
20 मई 2026 | भोपाल
ट्विशा शर्मा मौत मामले में आज भोपाल कोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है। मृतका के परिजनों ने कोर्ट में याचिका दायर कर ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली स्थित AIIMS में कराने की मांग की है। परिवार ने भोपाल AIIMS की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए उसे खारिज कर दिया है। मामले में लगातार नए खुलासे और आरोप-प्रत्यारोप के बीच कोर्ट अब पुनः पोस्टमार्टम की मांग पर विचार करेगा।
मामले में आया नया मोड़
ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया विवाद तब खड़ा हुआ जब आरोपी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका में ट्विशा को ड्रग एडिक्ट बताया। याचिका में दावा किया गया कि ट्विशा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह मनोवैज्ञानिक उपचार ले रही थीं। वहीं ट्विशा के परिजनों ने इन सभी आरोपों को झूठा और केस को कमजोर करने की कोशिश बताया है।
पति की अग्रिम जमानत खारिज, पुलिस ने रखा इनाम
मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत खारिज हो चुकी है। भोपाल पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जानकारी देने वाले के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। मामले की जांच के लिए पुलिस ने एसीपी रजनीश कश्यप के नेतृत्व में SIT का गठन किया है, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों समेत 6 अधिकारी शामिल हैं।
मौत से पहले मां को भेजे थे परेशान करने वाले मैसेज
जांच के दौरान ट्विशा शर्मा और उनकी मां के बीच हुई आखिरी व्हाट्सएप चैट भी सामने आई है। चैट में ट्विशा ने अपने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे। मैसेज में उन्होंने लिखा था कि “ये लोग बहुत घटिया हैं, समर्थ मुझ पर शक करता है और पूछता है कि पेट में किसका बच्चा है। मुझे यहां से ले जाओ, ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे।”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बेल्ट जांच पर सवाल
परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया में कई अनियमितताएं हुईं और सबूतों से छेड़छाड़ की गई। उनका कहना है कि जिस बेल्ट से कथित तौर पर आत्महत्या हुई, उसकी जांच के बिना पोस्टमार्टम कर दिया गया। हालांकि अब सामने आई लिगेचर रिपोर्ट में पुष्टि की गई है कि पुलिस द्वारा जब्त बेल्ट का ही इस्तेमाल कथित आत्महत्या में हुआ था। रिपोर्ट में मौत को आत्महत्या बताया गया है।
शादी के 5 महीने बाद हुई मौत
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने MBA की पढ़ाई की थी और शादी से पहले मॉडलिंग व तेलुगु फिल्मों में भी काम कर चुकी थीं। दिसंबर 2025 में उनकी शादी समर्थ सिंह से हुई थी। शादी के महज 5 महीने बाद उनकी संदिग्ध मौत ने पूरे मामले को हाई-प्रोफाइल विवाद में बदल दिया है। परिवार ने पति और सास पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन हो चुका है।
Hindi 

















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































