रायपुरवासियों के लिए जरूरी सूचना: 11 जून को 42 जलागारों से शाम की जलापूर्ति रहेगी बंद
रायपुर, 8 जून 2026
राजधानी रायपुर के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी फीडरों के संधारण कार्य के कारण 11 जून 2026 को शहर के कई इलाकों में शाम की जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
जानकारी के अनुसार, उपकेंद्र में 33 केवी के 10 पोल स्ट्रक्चर के बीच अंडरग्राउंड केबल बिछाने और उसे विद्युत लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 33 केवी लाइन, इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट अस्थायी रूप से बंद रहेंगे, जिससे जल उत्पादन और वितरण प्रभावित होगा।
इस दौरान 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी जल शोधन संयंत्रों से जुड़े 42 जलागारों में शाम को जलप्रदाय नहीं किया जाएगा। प्रभावित जलागारों में डंगनिया, ईदगाह भाठा, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डी.डी. नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकरबेड़ा, नया वाइरन बाजार, देवेन्द्र नगर और संजय नगर शामिल हैं।
विभाग के अनुसार, 11 जून को सुबह नियमित जलप्रदाय होने के बाद शाम की जलापूर्ति बंद रहेगी। वहीं 12 जून 2026 की सुबह से जलापूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी।
जल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पानी का संग्रह पहले से कर लें, ताकि असुविधा से बचा जा सके। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि शहर के अन्य जलागारों और पावर पंपों से जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
Hindi 



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































