पंजाब ब्लास्ट पर संजय सिंह का BJP पर हमला, बोले- “नफरत फैलाने की राजनीति कर रही पार्टी”
07 मई 2026 | नई दिल्ली
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पंजाब में हुए विस्फोटों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद BJP अब “मिशन पंजाब” के जरिए राज्य का माहौल खराब करने की कोशिश कर रही है।
संजय सिंह ने कहा कि पंजाब में हालिया विस्फोट वर्ष 2017 विधानसभा चुनाव से पहले हुए मोड़ ब्लास्ट की याद दिलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भी अकाली दल-BJP सरकार थी और उस मामले की सच्चाई आज तक सामने नहीं आ सकी। उन्होंने कहा कि BJP पंजाब में अमन-चैन बिगाड़ने, नफरत फैलाने और समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।
संजय सिंह ने BJP पर आईएसआई से जुड़े लोगों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि 350 किलो आरडीएक्स देश में कैसे पहुंचा, इसका जवाब आज तक नहीं मिला।
उन्होंने पहलगाम आतंकी घटना और “ऑपरेशन सिंदूर” का भी उल्लेख किया। संजय सिंह ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था किसके आदेश पर हटाई गई, यह अब तक स्पष्ट नहीं किया गया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार और BJP पर निशाना साधा।
मणिपुर हिंसा और पश्चिम बंगाल की राजनीतिक घटनाओं का जिक्र करते हुए संजय सिंह ने कहा कि BJP देश में तनाव और टकराव की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल चुनाव के बाद वहां हिंसा बढ़ी है और राजनीतिक हमले हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि BJP बदलाव की राजनीति की बात करती है, लेकिन जमीन पर विभाजन और नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने पंजाब और देश की जनता से ऐसी राजनीति से सावधान रहने की अपील की।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































