भिलाई और रिसाली निगम वार्डों के उपचुनाव निरस्त, आर्थिक भार और कम कार्यकाल को देखते हुए चुनाव आयोग का फैसला
11 मई 2026 | दुर्ग
दुर्ग जिले के भिलाई नगर निगम और रिसाली नगर निगम के तीन वार्डों में प्रस्तावित उपचुनाव को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने निरस्त कर दिया है। यह फैसला शासन-प्रशासन पर पड़ने वाले अनावश्यक आर्थिक भार और अल्प कार्यकाल को देखते हुए लिया गया है। जानकारी के मुताबिक रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 02 रूआबांधा, वार्ड क्रमांक 39 पुरैना और भिलाई नगर निगम के वार्ड क्रमांक 01 जुनवानी में पार्षदों के निधन के बाद सीटें रिक्त हुई थीं।
इन वार्डों में 11 मई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होनी थी, जबकि 1 जून को मतदान और 4 जून को मतगणना प्रस्तावित थी। हालांकि दोनों नगर निगमों का कार्यकाल जनवरी 2027 में समाप्त होने जा रहा है और इसी वर्ष दिसंबर में नगरीय निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में महज पांच माह के लिए उपचुनाव कराने को लेकर सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी।
आर्थिक और प्रशासनिक भार का हवाला
पत्र में तर्क दिया गया था कि इतने कम समय के लिए चुनाव कराने से शासन के धन, संसाधनों और प्रशासनिक तंत्र पर अनावश्यक भार पड़ेगा। इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने मामले का परीक्षण कर उपचुनाव निरस्त करने का आदेश जारी किया।
कलेक्टर ने जारी किया आदेश
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद दुर्ग जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अभिजीत सिंह ने तीनों वार्डों के उपचुनाव निरस्त करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले के बाद अब इन वार्डों में सीधे आगामी नगरीय निकाय चुनाव के दौरान ही मतदान कराया जाएगा।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































