ईरान वार्ता में नाकामी के बीच पाकिस्तान को बड़ा झटका, अमेरिका ने पेशावर कांसुलेट बंद करने का किया ऐलान
06 मई 2026 | वॉशिंगटन
ईरान के साथ शांति वार्ता कराने में विफल रहने के बीच पाकिस्तान को बड़ा कूटनीतिक झटका लगा है। अमेरिका ने पेशावर स्थित अपने कांसुलेट को बंद करने का ऐलान किया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान वहां अमेरिकी राजनयिक कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम नहीं है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।
अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पेशावर कांसुलेट को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। अमेरिका ने स्पष्ट किया कि यह फैसला राजनयिक कर्मचारियों की सुरक्षा और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इस कदम को पाकिस्तान सरकार और वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल माना जा रहा है।
कांसुलेट बंद होने के बाद अब खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र से जुड़े सभी राजनयिक और प्रशासनिक कार्य इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास से संचालित किए जाएंगे। अमेरिका ने यह भी कहा कि पेशावर में भौतिक उपस्थिति कम होने के बावजूद पाकिस्तान के साथ उसके रणनीतिक और आर्थिक संबंध जारी रहेंगे।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका खैबर पख्तूनख्वा के लोगों और स्थानीय प्रशासन के साथ आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा और साझा हितों को लेकर संपर्क बनाए रखेगा। इस घटनाक्रम को पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े कूटनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
Hindi 










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































