रायपुर,21 नवम्बर 2026
वाहन चालकों और वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। रायपुर में 12 दिसंबर 2026 को लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर में 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी किए गए लंबित ई-चालान प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए वाहन मालिकों को 8 दिसंबर 2026 तक पंजीयन कराना होगा।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर के अनुसार, लंबित ई-चालान मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निपटाने के लिए वाहन स्वामी पहले से पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने नजदीकी यातायात थाने अथवा यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी पहुंचना होगा।
इन स्थानों पर करा सकते हैं पंजीयन
लंबित ई-चालान प्रकरणों के निराकरण के लिए वाहन चालक और वाहन स्वामी रायपुर के निम्नलिखित स्थानों पर पंजीयन करा सकते हैं—
- यातायात थाना तेलीबांधा
- यातायात थाना पचपेड़ी नाका
- यातायात थाना भाठागांव बस स्टैंड
- यातायात थाना टाटीबंध
- यातायात थाना भनपुरी
- यातायात थाना पंडरी पुराना बस स्टैंड
- यातायात थाना शारदा चौक
- यातायात थाना कालीबाड़ी
- यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी
ऑनलाइन भी देख सकते हैं ई-चालान की स्थिति
वाहन चालक और वाहन स्वामी अपने लंबित ई-चालान की स्थिति ऑनलाइन भी जांच सकते हैं। इसके लिए परिवहन विभाग के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर जाना होगा। वहां वाहन नंबर अथवा चालान का विवरण दर्ज कर चालान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
ई-चालान पोर्टल: https://echallan.parivahan.nic.in/challan/challan-services
डीसीपी ट्रैफिक ने की वाहन चालकों से अपील
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने लंबित ई-चालान प्रकरणों का पंजीयन कराकर लोक अदालत के माध्यम से उनका निराकरण कराएं।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर चालान का भुगतान और निराकरण नहीं कराने की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना 8 दिसंबर 2026 तक पंजीयन करा लें, ताकि लोक अदालत में उनके लंबित ई-चालान मामलों का निराकरण किया जा सके।


