TVK प्रमुख थलापति विजय आज पेश करेंगे सरकार बनाने का दावा, कांग्रेस ने दिया समर्थन
06 मई 2026 | चेन्नई
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी TVK (तमिलगा वेत्त्री कड़गम) के प्रमुख Thalapathy Vijay आज राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सरकार गठन को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है।
TVK को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने समर्थन देने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, दो मंत्री पदों की मांग के साथ कांग्रेस ने TVK को समर्थन देने पर सहमति जताई है। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बैठक के बाद कांग्रेस के 5 विधायक विजय से मुलाकात करेंगे और समर्थन पत्र राज्यपाल को सौंपेंगे।
वहीं कांग्रेस के इस फैसले से Dravida Munnetra Kazhagam (DMK) नाराज बताई जा रही है। DMK नेताओं ने कांग्रेस पर ‘गद्दारी’ का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसका असर 2029 के लोकसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।
इधर All India Anna Dravida Munnetra Kazhagam (AIADMK) के कुछ विधायकों ने पार्टी महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी से TVK को बाहर से समर्थन देने की मांग की है। इस मुद्दे पर आज बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
इसके अलावा वाम दलों ने समर्थन को लेकर 8 मई तक का समय मांगा है, जबकि आईयूएमएल के 2 विधायकों ने DMK गठबंधन के साथ बने रहने का फैसला किया है। तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर अब सभी की नजरें थलापति विजय और संभावित गठबंधन समीकरणों पर टिकी हुई हैं।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































