बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सूटकेस में गौमांस बरामद, दो महिलाएं गिरफ्तार
बिलासपुर, 1 मई 2026
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने सूटकेस में गौमांस ले जा रही दो महिलाओं को पकड़ लिया। सूचना के आधार पर जांच के दौरान जब सूटकेस की तलाशी ली गई, तो उसमें करीब 10 किलो से अधिक गौमांस बरामद हुआ। दोनों महिलाएं रायपुर की ओर से बिलासपुर पहुंची थीं और पूछताछ में उन्होंने सूटकेस में गौमांस होने की बात स्वीकार की है।
सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। संदेह होने पर महिलाओं के सामान की जांच की गई, जिसमें सूटकेस से गौमांस बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को तत्काल हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
थाने के बाहर बढ़ा तनाव
घटना की जानकारी मिलते ही कुछ गौसेवक थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

तोरवा थाना में मामला दर्ज
तोरवा थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं मगरपारा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं।
सिंडिकेट कनेक्शन की जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गौमांस कहां से लाया गया और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
Hindi 








































































































































































































































































































































































































































