कोरबा,24 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। यहां हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर लेकर जंगल पहुंचे ग्रामीणों को उस वक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ा, जब एक गुस्साए हाथी ने उन पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन हाथी ने ट्रैक्टर को निशाना बनाते हुए उसे बुरी तरह कुचलकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जंगल में मौजूद है 11 हाथियों का झुंड

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा जंगल का है। बताया जा रहा है कि जंगल में करीब 11 हाथियों का झुंड मौजूद है। इसी दौरान कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों को जंगल से खदेड़ने पहुंच गए।

हाथी ने ट्रैक्टर पर किया हमला

ग्रामीणों की इस कोशिश से हाथी भड़क गया और उसने अचानक ट्रैक्टर पर हमला कर दिया। हाथी ने अपनी सूंड और पैरों से ट्रैक्टर को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस घटना में किसी ग्रामीण के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को दी सतर्क रहने की सलाह

घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने लोगों को हाथियों को खुद से भगाने या उनके नजदीक जाने से बचने की सलाह दी है।

वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, हाथियों के करीब जाकर उन्हें खदेड़ने की कोशिश करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts