मिशन उत्कर्ष से बदली तस्वीर, रायपुर में बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने की पहल सफल
जिले में कक्षा 10वीं और 12वीं के शासकीय विद्यालयों के बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार के उद्देश्य से जिला प्रशासन और Adani Foundation के सहयोग से संचालित ‘मिशन उत्कर्ष’ कार्यक्रम ने सकारात्मक परिणाम दिए हैं।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में संचालित इस पहल का क्रियान्वयन जिला शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। पहले रायपुर जिले की बोर्ड परीक्षा रैंकिंग लगभग 33वें स्थान के आसपास थी, जिसे सुधारने के लिए एक डेटा-आधारित शैक्षणिक मॉडल तैयार कर 215 शासकीय हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में लागू किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत कक्षा 10वीं के करीब 16,100 और कक्षा 12वीं के लगभग 13,000 विद्यार्थियों को शामिल किया गया। हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के साथ विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के छात्रों को भी इसमें शामिल किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नियमित मूल्यांकन के लिए मासिक, अर्धवार्षिक और प्री-बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की गईं। विषयवार विश्लेषण के आधार पर छात्रों की शैक्षणिक जरूरतों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कार्यक्रम की सतत निगरानी की गई, जिससे बेहतर समन्वय सुनिश्चित हुआ।
अदाणी फाउंडेशन की भूमिका
‘मिशन उत्कर्ष’ के सफल संचालन में अदाणी फाउंडेशन ने रणनीतिक साझेदार के रूप में अहम भूमिका निभाई। फाउंडेशन द्वारा कार्यक्रम के लिए वित्तीय सहयोग उपलब्ध कराया गया। साथ ही मासिक परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की छपाई और वितरण, शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना और विशेषज्ञ संस्था ELEMENTS की नियुक्ति व प्रबंधन भी किया गया।
इसके अलावा परीक्षा परिणामों की ट्रैकिंग, विश्लेषण और मॉनिटरिंग में भी सहयोग दिया गया, जबकि शिक्षकों के क्षमता विकास के लिए शैक्षणिक समर्थन प्रदान किया गया।
यह पहल जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Hindi 







































































































































































































































































































































































































































