अंबिकापुर,29 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कंवर समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, सूरजपुर और बलरामपुर में समाज भवनों के लिए 50-50 लाख रुपये तथा चेंद्रा में समाज भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही पारंपरिक लोकसंस्कृति और करमा नृत्य को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक करमा दल को 20-20 हजार रुपये देने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय रविवार को अंबिकापुर के राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर समाजजनों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार मुख्यमंत्री के पांव पखारकर उनका आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने समाजजनों के इस स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कंवर समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और सामाजिक मूल्य छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। समाज ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। सामाजिक एकजुटता, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ समाज को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार सभी समाजों के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
गहिरा गुरु जी के आदर्श समाज को देते हैं सदाचार की प्रेरणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कंवर समाज के आध्यात्मिक और सामाजिक उत्थान में पूज्य गहिरा गुरु जी का अविस्मरणीय योगदान रहा है। उन्होंने समाज को अच्छाई, सदाचार, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट रहने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का संदेश देती हैं।
उन्होंने कहा कि कंवर समाज सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त समाज है। समाज के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद से ही उन्हें प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला है।
सरकारी योजनाओं से आम लोगों को मिल रहा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों का पक्के घर का सपना पूरा किया जा रहा है। वहीं महतारी वंदन योजना से माताओं और बहनों को आर्थिक संबल मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में पारिश्रमिक बढ़ाकर 5500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। इसके अलावा चरण पादुका योजना, श्री रामलला दर्शन योजना और तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से भी प्रदेशवासियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 से आसान हो रहीं शासकीय सेवाएं
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ है कि सरकारी सेवाएं आम नागरिकों तक आसानी से पहुंचें और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नागरिक घर बैठे विभिन्न प्रमाणपत्रों और अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ अंचलों के नागरिकों को सरकारी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
कंवर समाज भवनों के लिए 2.25 करोड़ रुपये की घोषणाएं
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता की घोषणा की।
- सरगुजा: संभागीय कंवर समाज भवन के लिए 75 लाख रुपये।
- सूरजपुर: कंवर समाज सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपये।
- बलरामपुर: कंवर समाज सामुदायिक भवन के लिए 50 लाख रुपये।
- चेंद्रा: कंवर समाज भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये।
इस प्रकार समाज भवनों के निर्माण के लिए कुल 2 करोड़ 25 लाख रुपये की घोषणा की गई। इसके अलावा पारंपरिक करमा नृत्य और लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रत्येक करमा दल को 20 हजार रुपये देने का ऐलान किया गया।
करमा तिहार लोकआस्था और सामुदायिक एकता का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि करमा तिहार हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामुदायिक एकता का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने समाजजनों से अपनी समृद्ध परंपराओं को सहेजने और युवाओं को शिक्षा तथा प्रगति के नए अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के प्रमुखों और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
शिक्षा और एकजुटता से आगे बढ़ेगा समाज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आधार शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता है। कंवर समाज अपनी समृद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़े। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर समाज एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि सामाजिक एकता ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। अपनी परंपराओं, संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजते हुए संगठित प्रयासों से समाज के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कंवर समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठ समाजजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


