रायपुर,29 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को जशपुर जिले के बगिया स्थित अपने निज निवास में महत्वाकांक्षी ‘JOHAR Edu-SAT’ परियोजना का शुभारंभ किया। इस परियोजना के तहत जशपुर के 50 चयनित विद्यार्थी अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियां सीखने के साथ अपना शैक्षणिक सैटेलाइट पेलोड तैयार कर रहे हैं। इसके प्रक्षेपण का लक्ष्य अप्रैल 2027 रखा गया है।

जिला प्रशासन जशपुर की इस अभिनव परियोजना को अदाणी फाउंडेशन के सीएसआर सहयोग और इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स (IDYM) फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जशपुर जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र के विद्यार्थियों का अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि JOHAR Edu-SAT जैसी पहल विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को नई पहचान देने के साथ उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाएगी। आज का दौर विज्ञान, तकनीक और नवाचार का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। ऐसे में प्रदेश के दूरस्थ अंचलों के विद्यार्थियों का इस यात्रा से जुड़ना उत्साहजनक है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिलें। जशपुर के विद्यार्थियों की यह पहल भविष्य में प्रदेश के अन्य जिलों के बच्चों को भी विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियां सीख रहे जशपुर के 50 विद्यार्थी

जिला प्रशासन जशपुर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए लगातार नवाचारी गतिविधियां संचालित कर रहा है। इसके तहत अंतरिक्ष ज्ञान अभियान, रोबोटिक्स कार्यशाला, रॉकेट्री कार्यशाला, सैटेलाइट प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है।

इन्हीं प्रयासों की अगली कड़ी के रूप में JOHAR Edu-SAT परियोजना शुरू की गई है। इसके अंतर्गत चयनित 50 विद्यार्थी सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक की बारीकियां सीख रहे हैं। विद्यार्थियों को इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी मिल रहा है।

परियोजना के तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी IDYM फाउंडेशन को सौंपी गई है। यह संस्था इसरो में पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक Amateur Radio Satellite Payload के डिजाइन, निर्माण, परीक्षण और संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण

JOHAR Edu-SAT परियोजना के तहत तैयार किए जा रहे सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण इसरो के POEM/SMiLE प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रस्तावित है। इसके लिए अप्रैल 2027 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य विद्यालयों की ओर से भेजे गए संदेशों को अंतरिक्ष के माध्यम से प्रसारित करना है। इसके लिए जशपुर में UHF ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है। इसकी सहायता से विद्यार्थी सैटेलाइट को ट्रैक करने, अंतरिक्ष से प्राप्त डेटा ग्रहण करने और उसे डिकोड करने की तकनीक सीखेंगे।

विद्यार्थी अब स्वयं समझ रहे हैं सैटेलाइट की तकनीक

IDYM फाउंडेशन के प्रतिनिधि शिव सिंह भदौरिया ने बताया कि इस परियोजना से विद्यार्थियों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। पहले विद्यार्थी अंतरिक्ष और सैटेलाइट के बारे में केवल कल्पना करते थे, लेकिन अब वे स्वयं तकनीक को समझने और उसके व्यावहारिक उपयोग की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थी अब यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि सैटेलाइट किस प्रकार काम करता है, अंतरिक्ष में सिग्नल कैसे भेजे जाते हैं और वहां से संदेश एवं डेटा कैसे प्राप्त होते हैं। वास्तविक उपकरणों और तकनीकी प्रक्रियाओं से जुड़ने के कारण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।

जनजातीय अंचल से अंतरिक्ष तक खुलेंगी नई संभावनाएं

JOHAR Edu-SAT परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि जनजातीय बहुल जशपुर जिले के विद्यार्थी अब अंतरिक्ष विज्ञान का केवल सैद्धांतिक अध्ययन नहीं करेंगे, बल्कि वास्तविक अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं में भी भागीदारी निभाएंगे।

यह पहल विद्यार्थियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराएगी। साथ ही ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में विज्ञान के प्रति नई रुचि विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा को आधुनिक तकनीक और नवाचार से जोड़ने की दिशा में JOHAR Edu-SAT परियोजना एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे जशपुर के विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा और छत्तीसगढ़ में वैज्ञानिक प्रतिभाओं की नई पीढ़ी तैयार करने का मार्ग प्रशस्त होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts