# Tags
#राजनीति

हारने वाली सीटों पर कांग्रेस के फोकस पर डिप्टी सीएम अरुण साव का तंज

arun sao 1

छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों और हारने वाली सीटों पर फोकस करने के बयान पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कुछ नहीं होना है, क्योंकि पार्टी के पास न नेतृत्व बचा है और न ही नीयत। अरुण साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अर्बन नक्सल की तरह भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है।

मीडिया से चर्चा के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से जनता के बीच एक्सपोज हो चुकी है और लोग उससे दूर जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का जनता पर अब कोई असर नहीं होने वाला है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में अब बेहतर माहौल बना है और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

वहीं, कांग्रेस द्वारा अमित शाह पर उद्योगपतियों के लिए जमीन देखने आने के आरोप पर अरुण साव ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस केवल अफवाह फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बस्तर में पेयजल, अस्पताल और सड़क निर्माण जैसे मुद्दों की चिंता नहीं है। साव ने कहा कि बस्तर ओलंपिक में 3 लाख 91 हजार आदिवासी युवाओं के पंजीयन जैसी सकारात्मक पहल भी कांग्रेस को दिखाई नहीं देती।

सुशासन तिहार को लेकर कांग्रेस द्वारा सरकार की खामियां गिनाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि जनता कांग्रेस को अपने घर और दिल दोनों से बाहर कर चुकी है। वहीं पद्मश्री फूलबासन यादव के कथित अपहरण प्रयास पर उन्होंने कहा कि प्रशासन मामले का संज्ञान लेगा और छत्तीसगढ़ का माहौल ऐसा नहीं है। साथ ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में प्रदेश अपराध का गढ़ बन गया था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *