# Tags
#All #राज्य #शासन

CM साय ने मुंगेली को दी 353 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की सौगात, रेललाइन को लेकर कहा- थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा

11 मई 2026 | मुंगेली

सुशासन तिहार 2026 के तहत आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री करीब तीन घंटे देरी से पहुंचे, जिसके बाद मंच से उन्होंने आमजनता से खेद व्यक्त करते हुए क्षमा याचना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार विभिन्न जिलों में कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण देरी हुई।

414 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने 152 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 284 कार्यों का लोकार्पण और 201 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 130 कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य केंद्र, जल जीवन मिशन, छात्रावास, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी भवन, अमृत सरोवर, तालाब सौंदर्यीकरण, पुल निर्माण और एसटीपी परियोजनाओं सहित कई विकास कार्य शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद विद्यालयों का वर्चुअल लोकार्पण भी किया।

रेललाइन को लेकर दिया बड़ा बयान

मुंगेली में लंबे समय से चली आ रही रेललाइन की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे बजट में 21 गुना वृद्धि हुई है और वर्तमान में छत्तीसगढ़ में 47 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है और आने वाले समय में सभी जिलों तक रेल सुविधा पहुंचाई जाएगी।

नजुल भूमि और शिक्षा व्यवस्था पर बोले CM

नजुल भूमि पर पट्टा वितरण के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है और पात्र लोगों को पट्टा दिया जाएगा। वहीं शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए पेंड्रा जाने की समस्या पर उन्होंने कहा कि मुंगेली जिले का इस वर्ष दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा।

महापुरुषों की प्रतिमाओं का अनावरण और कई घोषणाएं

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर, बाबा गुरु घासीदास, महाराणा प्रताप और भक्त माता कर्मा की प्रतिमाओं का अनावरण और माल्यार्पण किया। उन्होंने वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपये, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास भवन, मेला नवागांव में बाउंड्रीवाल, प्रवेश द्वार और सीसी रोड निर्माण के लिए राशि देने की घोषणा की। साथ ही चिकित्सा महाविद्यालय की मांग को पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, विधायक पुन्नूलाल मोहले, धरमलाल कौशिक सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *