# Tags
#All #टेक्नोलॉजी #व्यापार / अर्थव्यवस्था

Nvidia की वैल्यू भारत के पूरे इक्विटी मार्केट से ज्यादा, 5.05 ट्रिलियन डॉलर पार पहुंचा मार्केट कैप

08 मई 2026 | न्यूयॉर्क

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की वैश्विक दौड़ के बीच अमेरिकी टेक कंपनी Nvidia ने नया इतिहास रच दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 5.05 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है, जो भारत के पूरे इक्विटी मार्केट के कुल मार्केट कैप से भी ज्यादा बताया जा रहा है। वर्तमान में भारतीय इक्विटी बाजार का कुल मार्केट कैप करीब 5 ट्रिलियन डॉलर के आसपास है।

कभी गेमिंग चिप्स बनाने वाली कंपनी के रूप में पहचान रखने वाली Nvidia अब ग्लोबल AI इंडस्ट्री की सबसे अहम कंपनियों में शामिल हो चुकी है। AI आधारित सर्वर, डेटा सेंटर और हाई-परफॉर्मेंस चिप्स की बढ़ती मांग ने कंपनी की वैल्यू को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा दिया है। पिछले 3 वर्षों में Nvidia की वैल्यू लगभग 5 गुना बढ़ी है।

कंपनी के शेयरों में भी जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। Nvidia का शेयर मूल्य 50 डॉलर से बढ़कर करीब 211.50 डॉलर तक पहुंच गया है, यानी इसमें लगभग 323 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। AI टेक्नोलॉजी में बढ़ती निर्भरता के कारण Nvidia अब दुनिया की सबसे प्रभावशाली टेक कंपनियों में गिनी जा रही है।

AI सेक्टर में तेजी का फायदा सिर्फ Nvidia को ही नहीं मिला है। Alphabet, Apple और Microsoft जैसी कंपनियां भी ट्रिलियन डॉलर क्लब में मजबूती से बनी हुई हैं। वहीं Amazon, Meta, Tesla, Broadcom, TSMC और Samsung जैसी कंपनियों को भी AI और चिप्स की मांग से बड़ा लाभ मिला है। Samsung हाल ही में 1 ट्रिलियन डॉलर मार्केट कैप पार करने वाली एशिया की दूसरी कंपनी बनी है।

दूसरी तरफ भारतीय शेयर बाजार पर विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में 5.7 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचा भारतीय इक्विटी मार्केट अब घटकर लगभग 5 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने 2025 में अब तक भारतीय बाजार से करीब 189.09 बिलियन डॉलर की निकासी की है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में AI आधारित टेक कंपनियों का वैश्विक बाजार पर और ज्यादा दबदबा देखने को मिल सकता है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *