केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में मंथन तेज, इन 3 नामों पर सबसे ज्यादा चर्चा
08 मई 2026 | नई दिल्ली
केरल में नई सरकार गठन को लेकर कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे पर मंथन तेज हो गया है। शुक्रवार को कांग्रेस पर्यवेक्षकों ने अपनी रिपोर्ट पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सौंप दी। यह रिपोर्ट राज्य के कांग्रेस विधायकों से हुई व्यक्तिगत बातचीत और बैठक के आधार पर तैयार की गई है। अब पार्टी आलाकमान जल्द ही नए नेता के नाम पर अंतिम फैसला ले सकता है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, 40 से 43 विधायकों ने उनके समर्थन में राय दी है। वेणुगोपाल को राहुल गांधी का करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता है, इसलिए उनके नाम को लेकर पार्टी में गंभीर चर्चा चल रही है। हालांकि, अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व के रणनीतिक और राजनीतिक संतुलन को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पद की रेस में दूसरा बड़ा नाम रमेश चेन्निथला का है। बताया जा रहा है कि उन्हें 20 से अधिक विधायकों का समर्थन प्राप्त है। चेन्निथला लंबे समय से केरल कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और संगठन व प्रशासनिक अनुभव के कारण उन्हें भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
वहीं, विपक्ष के नेता वीडी सतीशन का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें कांग्रेस के साथ-साथ UDF गठबंधन के सहयोगी दलों — IUML, Kerala Congress (Joseph Group) और RSP — का समर्थन प्राप्त है। सहयोगी दलों का मानना है कि सतीशन ने विपक्ष के नेता के रूप में जमीनी स्तर पर प्रभावी काम किया है और उन्हें मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेतृत्व अब संगठनात्मक संतुलन, सहयोगी दलों की राय और आगामी राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय लेने की तैयारी में है। केरल की सियासत में अब सबकी नजर कांग्रेस हाईकमान के फैसले पर टिकी हुई है।
Hindi 











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































