# Tags
#All #राजनीति #राज्य

भाजपा कार्यसमिति बैठक में मोदी, शाह और साय को स्टैंडिंग ओवेशन, महिला आरक्षण विरोध पर कांग्रेस पर निशाना

13 मई 2026 | रायपुर

रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की अहम बैठक में संगठन और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में नक्सल उन्मूलन, विभिन्न राज्यों में भाजपा की चुनावी जीत और केंद्र व राज्य नेतृत्व की भूमिका को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पहले कार्यसमिति बैठकों में कार्यकर्ता अपनी समस्याएं रखते थे, लेकिन अब बैठकों में नक्सल उन्मूलन और बस्तर के विकास पर चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए बैठक में तीनों नेताओं को स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया। विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में अब मड़ई-मेलों की रौनक लौट रही है और क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

महिला आरक्षण मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भाजपा की दो दिवसीय बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें विधानसभा चुनावों में मिली जीत के लिए जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। उन्होंने महिला आरक्षण अधिनियम के लोकसभा में गिरने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने इसका विरोध किया है और इसका राजनीतिक खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा।

संगठन और चुनावी रणनीति पर मंथन

बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों और संगठन से जुड़े करीब 400 नेताओं ने भाग लिया। आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर तक पहुंच और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *