ईरान से जुड़ी कुख्यात हथियार तस्कर शमीम माफी को Los Angeles International Airport से गिरफ्तार किया गया है। वह इस्तांबुल के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही अमेरिकी एजेंसियों ने उसे हिरासत में ले लिया। इस गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क के बड़े खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।

44 वर्षीय शमीम माफी पर आरोप है कि उसने ड्रोन, बम, बम फ्यूज और भारी मात्रा में गोला-बारूद की अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन तैयार की। बताया जा रहा है कि वह ईरान सरकार से जुड़े तत्वों के लिए काम करते हुए हथियारों की डीलिंग कर रही थी। अमेरिकी अटॉर्नी बिल एसेली ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।

जांच के मुताबिक, माफी Woodland Hills, Los Angeles की निवासी है और 2016 से अमेरिका में स्थायी रूप से रह रही थी। उस पर आरोप है कि उसने ईरान में बने हथियारों को सूडान जैसे संघर्षग्रस्त देशों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। यह पूरा नेटवर्क बेहद गोपनीय तरीके से संचालित किया जा रहा था और इसके जरिए करोड़ों डॉलर के सौदे किए गए।

अधिकारियों के अनुसार, माफी तेहरान के खुफिया अधिकारियों के सीधे संपर्क में थी और उनके निर्देशों पर काम कर रही थी। फोन रिकॉर्ड्स में इस बात के सबूत मिले हैं। इस दौरान उसने अमेरिकी कानून International Emergency Economic Powers Act का उल्लंघन किया, जो प्रतिबंधित देशों के साथ आर्थिक लेनदेन पर रोक लगाता है।

फिलहाल, इस मामले को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क के तौर पर जांचा जा रहा है और आगे और खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts