# Tags
#All #राजनीति

विजय की TVK को समर्थन देने पर कांग्रेस से नाराज हुई DMK, कनिमोझी ने लोकसभा में अलग सीटिंग की मांग की

09 मई 2026 | चेन्नई

तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस द्वारा विजय की पार्टी TVK को समर्थन दिए जाने के बाद DMK और कांग्रेस के रिश्तों में खटास खुलकर सामने आने लगी है। DMK सांसद और वरिष्ठ नेता कनिमोझी ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर संसद में DMK सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की है।

कनिमोझी ने अपने पत्र में कहा कि बदलते राजनीतिक हालात और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ गठबंधन समाप्त होने के बाद लोकसभा में DMK सांसदों का कांग्रेस सांसदों के साथ बैठना अब उचित नहीं होगा। उन्होंने अनुरोध किया कि DMK संसदीय दल के सदस्यों के लिए अलग सीटिंग व्यवस्था की जाए।

इस पत्र को राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इसे DMK और कांग्रेस के गठबंधन टूटने की औपचारिक पुष्टि के तौर पर देखा जा रहा है। साथ ही माना जा रहा है कि यह कदम INDIA गठबंधन से DMK की दूरी बढ़ने का भी संकेत दे रहा है।

दरअसल, तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर चल रही सियासी हलचल के बीच कांग्रेस ने DMK से दूरी बनाते हुए विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने का फैसला किया था। इसके बाद से DMK नेतृत्व लगातार नाराज बताया जा रहा था। अब कनिमोझी के पत्र ने इस राजनीतिक तनाव को सार्वजनिक कर दिया है।

तमिलनाडु की राजनीति में इस घटनाक्रम के बाद नए गठबंधन समीकरणों और विपक्षी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *