वेदांता पावर प्लांट हादसा,भूपेश बघेल के बयान पर डिप्टी सीएम विजय शर्मा का पलटवार,बोले एफआईआर ऑनलाइन उपलब्ध है
रायपुर। वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। हादसे में वेदांता चेयरमैन अनिल अग्रवाल सहित 19 लोगों पर दर्ज एफआईआर को लेकर दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिला।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने भूपेश बघेल के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एफआईआर ऑनलाइन उपलब्ध होती है और आवश्यकता पड़ने पर उसका लिंक देखकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया था कि सरकार ने इस मामले की एफआईआर को सार्वजनिक नहीं किया है। उन्होंने यह भी कहा कि वेदांता कंपनी से जुड़े पिछले मामलों में तत्कालीन भाजपा सरकार पर लीपापोती करने और कंपनी के मालिकों व ठेकेदारों को बचाने के आरोप लगते रहे हैं।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बयान
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कहा कि देश की आधी आबादी को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग इस कानून का विरोध कर रहे हैं, उन्हें भारत की मातृशक्ति को जवाब देना चाहिए। उनके अनुसार, महिलाओं की भागीदारी से ही देश का विकास संभव है।
बस्तर और नक्सलवाद पर टिप्पणी
बस्तर में जनगणना और विकास कार्यों को लेकर उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र में बदलाव दिखाई दे रहा है और लोग खुलकर सामान्य जीवन जी रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बस्तर में विकास कार्य गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं और “वाइब्रेंट बस्तर विलेज” जैसी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त हो चुका है।
पश्चिम बंगाल को लेकर बयान
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने का उन्हें पूरा विश्वास है। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा के साथ है और तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।
Hindi 






































































































































































































































































































































