सीएम विष्णुदेव साय जशपुर दौरे पर रवाना, PMGSY फेस-4 कार्यक्रम में होंगे शामिल,वेदांता हादसे पर सख्त कार्रवाई के संकेत
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दौरे पर रवाना हुए। उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी इस यात्रा में शामिल हुए। दोनों नेता जशपुर में आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेस-4 कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
जशपुर दौरे से पहले मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लगभग 750 प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनाओं को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से दूरस्थ और छोटे गांवों तक सड़क संपर्क बेहतर होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ‘सुशासन तिहार’ पहल का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाकर अधिकारियों की मौजूदगी में सीधे जनता की समस्याओं का निवारण किया जाएगा।
वेदांता हादसे पर बयान
वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि घटना के बाद ही स्पष्ट कर दिया गया था कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष रूप से आगे बढ़ेगी।
Hindi 
























































































































































































































































