ईपीएफओ की 27वीं क्षेत्रीय बैठक संपन्न, श्रम सचिव ने मृत्यु क्लेम और निष्क्रिय खातों के त्वरित निपटारे के दिए निर्देश
रायपुर,11 जून 2026
केंद्रीय न्यासी बोर्ड, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) छत्तीसगढ़ की 27वीं क्षेत्रीय बैठक गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रम विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता ने की। इस दौरान उन्होंने आकस्मिक मृत्यु प्रकरणों के त्वरित निपटारे और निष्क्रिय भविष्य निधि खातों के लाभार्थियों तक भुगतान पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
श्रम सचिव ने निर्देश दिए कि उद्योगों में होने वाले आकस्मिक मृत्यु मामलों में ईएसआईसी (ESIC) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि निष्क्रिय पीएफ खातों के लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने पर जोर
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में प्रत्येक माह की 27 तारीख को आयोजित होने वाले ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम में जिला कलेक्टर, ईएसआईसी, सहायक श्रम आयुक्त, उप श्रम आयुक्त तथा संबंधित विभागों की अनिवार्य सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
विभिन्न योजनाओं और प्रगति की दी गई जानकारी
बैठक का संचालन सदस्य सचिव एवं क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त जयवदन इंगले ने किया। उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली, न्यायालयीन प्रकरणों, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, कर्मचारी पंजीकरण योजना 2025, प्रयास, तत्पर, कन्वर्जेंस बैठक और नवीन साइट्स प्रोजेक्ट की प्रगति पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
उन्होंने नियोक्ताओं और पीएफ सदस्यों से अपील की कि वे ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त करें और अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जोड़ें।
सामाजिक सुरक्षा और अनुपालन पर हुई चर्चा
बैठक में छत्तीसगढ़ में ईपीएफ अधिनियम के प्रभावी अनुपालन, श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा लाभों के विस्तार तथा संगठन की उपलब्धियों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कर्मचारी हितों को मजबूत करने और सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने पर भी विचार-विमर्श किया।
बैठक में उप केंद्रीय श्रमायुक्त बिधान चंद्र नायक, एन.के. पटनायक, रत्नेश राजन्या, महेश कक्कड़, अश्विन गर्ग, राधेश्याम जायसवाल, ईश्वर चंदेल, शंख ध्वनि सिंह, एच.एस. मिश्रा, गौरव डोगरा, देबाशीष चांद और आकाश अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों एवं संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































