China के दक्षिणी शहर Liuzhou और आसपास के इलाकों में सोमवार तड़के आए 5.2 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। तेज झटकों के कारण 13 इमारतें ढह गईं, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। हादसे के बाद राहत और बचाव दलों ने रात में ही सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
स्थानीय समयानुसार रात 12:21 बजे आए इस भूकंप का केंद्र लिउझोउ के लिउनान जिले में था। United States Geological Survey और चीन की भूकंप एजेंसी ने इसकी तीव्रता 5.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की है। भूकंप की गहराई करीब 8 किलोमीटर बताई गई है, जिसके कारण सतह पर ज्यादा असर देखने को मिला।
सरकारी मीडिया और समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इस आपदा में अब तक 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है। वहीं, 4 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 7,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राहत की बात यह रही कि भूकंप के बावजूद इलाके में बिजली, पानी, गैस और संचार सेवाएं सामान्य बनी हुई हैं, जबकि सड़क यातायात भी जारी है।


