पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान में गोली मारकर हत्या
21 मई 2026 | मुजफ्फराबाद
पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े मोस्ट वांटेड आतंकी अरजमंद गुलजार उर्फ हमजा बुरहान की पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक हमजा बुरहान प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल-बद्र का प्रमुख कमांडर था और लंबे समय से भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों में शामिल था। उसकी मौत को जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पुलवामा और दक्षिण कश्मीर में था मजबूत नेटवर्क
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार अरजमंद गुलजार मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा इलाके का रहने वाला था। करीब 7 साल पहले वह वैध दस्तावेजों के जरिए पाकिस्तान पहुंचा और वहां अल-बद्र आतंकी संगठन में शामिल हो गया। बाद में वह संगठन का ऑपरेशनल कमांडर बना और पाकिस्तान से बैठकर कश्मीर में आतंकियों की भर्ती, फंडिंग और हथियार सप्लाई का नेटवर्क संचालित करने लगा।
भारत सरकार ने 2022 में घोषित किया था आतंकवादी
भारत के गृह मंत्रालय ने वर्ष 2022 में अरजमंद गुलजार को आधिकारिक रूप से आतंकवादी घोषित किया था। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसे लंबे समय से मोस्ट वांटेड सूची में शामिल कर रखा था। उस पर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने, आतंकवादी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने और स्थानीय नेटवर्क के जरिए आतंकी गतिविधियां संचालित करने के गंभीर आरोप थे।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को करता था कट्टरपंथ के लिए प्रेरित
सुरक्षा एजेंसियों का मानना था कि अरजमंद गुलजार “डिजिटल कट्टरपंथ” मॉडल का हिस्सा था। वह सोशल मीडिया और स्थानीय नेटवर्क के जरिए युवाओं को आतंकी संगठनों में शामिल होने के लिए उकसाता था। पुलवामा, शोपियां और अवंतीपोरा क्षेत्रों में उसका नेटवर्क सक्रिय बताया जाता था। कई मामलों में उसका नाम ग्रेनेड हमलों, विस्फोटक बरामदगी और आतंकी भर्ती से जुड़ा पाया गया था।
मुजफ्फराबाद में हमले के बाद बढ़ी हलचल
पाकिस्तान के मुजफ्फराबाद में हुई इस हत्या के बाद सुरक्षा एजेंसियों और आतंकी संगठनों के बीच हलचल बढ़ गई है। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और स्थानीय प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
Hindi 




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































