# Tags
#All

रायपुर: बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से नाइट फ्लाइट सेवा शुरू, CM साय बने यात्री

रायपुर, 29 मार्च 2026

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट (चकरभाठा) से रात्रि उड़ान सेवा की विधिवत शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण किया और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनते हुए स्वयं पहली रात्रिकालीन उड़ान से रायपुर के लिए प्रस्थान किया। उनके साथ विधायक श्री धर्मजीत सिंह भी इस प्रथम उड़ान के यात्री बने।

31 करोड़ की लागत से अधोसंरचना का उन्नयन

उल्लेखनीय है कि इस एयरपोर्ट को 3C VFR श्रेणी से उन्नत कर 3C IFR (इन्स्ट्रुमेंट फ्लाइट रूल्स) श्रेणी में विकसित करने का कार्य लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण किया गया है। इस महत्वपूर्ण तकनीकी विकास के पश्चात, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने 6 फरवरी 2026 को एयरपोर्ट को रात्रिकालीन संचालन हेतु अपनी आधिकारिक अनुमति प्रदान की थी, जिससे अब यहाँ चौबीसों घंटे विमानों का आवागमन संभव हो सका है।

विकास और आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रात्रि उड़ान सेवा शुरू होने से अब निर्धारित उड़ानों के साथ-साथ आपातकालीन एवं मेडिकल फ्लाइट्स भी रात में संचालित हो सकेंगी, जिससे जीवनरक्षक सेवाएं और अधिक प्रभावी होंगी। बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से इस नई सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए सभी यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना की। 

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक श्री अमर अग्रवाल, श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसपी श्री रजनीश सिंह एवं एयरपोर्ट डायरेक्टर श्री एन. वीरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *