दूरस्थ अंचलों में पेयजल संकट हुआ दूर: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से बहाल हुई जल आपूर्ति
सूरजपुर, 6 जून 2026
प्रदेश के दूरस्थ, पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में पेयजल संकट दूर करने की दिशा में महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से बड़ी सफलता मिली है। उनके मार्गदर्शन में सूरजपुर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने बंद पड़े सोलर पेयजल पंपों की मरम्मत कराई और नए पंप स्थापित कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई।
जानकारी के अनुसार, ओड़गी विकासखंड के ग्राम करौटी-ए (परसापारा), कोलुहा भाटपारा और बैजानपाठ में नए मोटर पंप लगाए गए हैं, जिससे लंबे समय से प्रभावित पेयजल योजनाएं फिर से चालू हो गई हैं। ग्रामीणों को अब नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
इसके अलावा भैयाथान विकासखंड के दतिमा आमापारा इंद्रावास, कसकेला औरापारा तथा सूरजपुर विकासखंड के लटोरी कुशवाहापारा और मंजीरा फुलवारपारा में भी खराब सोलर पंपों की मरम्मत कर जल आपूर्ति बहाल की गई है।
वहीं चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के भाटपारा गांव में नया मोटर पंप स्थापित कर वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान किया गया है। इससे विशेष रूप से पंडो समुदाय के परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि प्रदेश के अंतिम छोर तक मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था बहाल होने पर राज्य सरकार, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें घर के समीप ही स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों के श्रम की बचत के साथ जीवन स्तर में भी सुधार आया है।
Hindi 






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































