भिलाई/रायपुर, 24 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान भिलाई के सेक्टर-6 में महिला थाना के समीप नवनिर्मित दुर्ग रेंज साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। 33.24 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन से क्षेत्र में साइबर अपराधों की रोकथाम, जांच और विवेचना को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन किया। साथ ही पुलिस नियंत्रण कक्ष में उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने समाज को नशे की समस्या से मुक्त करने के उद्देश्य से पोस्टर का विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति का शुभारंभ भी किया।

साइबर अपराधों की जांच के लिए मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवीन साइबर थाना भवन के शुरू होने से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं विवेचना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साइबर थाना की स्थापना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 एवं बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित अपराधों की रोकथाम और कार्रवाई के उद्देश्य से की गई है।

इस साइबर थाने का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के अंतर्गत दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों तक रहेगा। नवीन भवन से ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों की जांच, अपराधियों की पहचान और पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस को मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण और परिवार परामर्श की सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-6 भिलाई में सीएसआर मद से 15 लाख रुपये की लागत से उन्नत किए गए एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का लोकार्पण किया। इसके अलावा जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित परिवार परामर्श केन्द्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी उद्घाटन किया।

एकलव्य प्रशिक्षण हॉल के उन्नयन से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं परिवार परामर्श केन्द्र में काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष शुरू होने से पारिवारिक समस्याओं के निराकरण तथा महिलाओं एवं बच्चों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

रूआबांधा पुलिस चौकी से मजबूत होगी कानून व्यवस्था

नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा के प्रारंभ होने से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ आम नागरिकों को पुलिस सेवाएं सहजता से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने संकल्प अभियान-नशामुक्ति का शुभारंभ करते हुए समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने की पहल की। इस अभियान के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts