भिलाई/रायपुर, 24 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर भिलाई के गुरुद्वारा श्री सिंगसभा, सेक्टर-6 में आयोजित समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से आयोजित लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती मनाने के लिए एकत्रित होना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। इस पावन अवसर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिलना अत्यंत सौभाग्यपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने सिख समाज के संतजनों, सभी समाजजनों, माताओं-बहनों और युवा साथियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने कामना की कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सभी को निरंतर मिलता रहे।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts