भिलाई/रायपुर, 24 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज इस्पात नगरी भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम में शहरवासियों को 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। साथ ही विधानसभा क्षेत्र के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों सहित भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में 24 गुना वृद्धि का मामला सामने आने पर सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा कर अधिकारियों से बातचीत की गई। इसके बाद मासिक किराया बढ़ोतरी को कम करते हुए 6 रुपये करने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
दो प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 27 करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधानसभा क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की।
- 13 करोड़ रुपये की लागत से कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती एवं सुंदर विहार तक सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
- 14 करोड़ रुपये की लागत से जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग एवं कुटेलाभाठा सड़क का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की।
तीन वर्षों में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के पिछले तीन वर्षों के विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन करीब 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में अब तक 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है। इसके साथ ही रामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री ने उन्हें इस्पात राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा था, तब से क्षेत्र की समस्याओं और विभिन्न परिस्थितियों में लोगों के साथ उनका संवाद एवं सहयोग बना रहा है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और नगरीय सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा भिलाई को 154 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में गांवों और शहरों का तेजी से विकास हुआ है। प्रदेश नक्सलवाद की चुनौती से मुक्त हो चुका है। राज्य में निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों के आने से छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। इसमें भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने बताया कि नगर निगम भिलाई के विकास के लिए पिछले तीन वर्षों में 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। नगरीय निकायों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के प्रयासों के चलते छत्तीसगढ़ को हर साल नगरीय निकायों के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिल रहे हैं।
ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3000 निवेशकों को लौटाए 3.16 करोड़ रुपये
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इस दौरान उन्होंने बटन दबाकर यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3000 निवेशकों को कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि हस्तांतरित की। यह राशि निवेशकों की जमा रकम वापस करने की प्रक्रिया के तहत दी गई।
इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, चेक, कार्ड एवं अन्य सामग्री वितरित की गई।
- प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0: नगर निगम भिलाई के 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
- पीएम स्वनिधि योजना: 6 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।
- प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
- आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना: 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
- मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना: 2 हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए।
- श्रमिक पंजीयन: 7 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
- छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना: 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए।
- मत्स्य विभाग: हितग्राहियों को आइस बॉक्स, नाव-जाल वितरित किए गए तथा पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टे दिए गए।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, महापौर नीरज पाल, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, राकेश पाण्डे, भोजराम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।


