मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित हुए धर्मेंद्र, अवॉर्ड लेते वक्त भावुक हुईं हेमा मालिनी; रो पड़ीं अहाना देओल
25 मई 2026 | नई दिल्ली
भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यह सम्मान प्रदान किया। धर्मेंद्र की ओर से उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने यह सम्मान ग्रहण किया। जैसे ही धर्मेंद्र के नाम की घोषणा हुई, पूरा समारोह भावुक माहौल में बदल गया। गुलाबी साड़ी में पहुंचीं हेमा मालिनी मंच पर बेहद नम आंखों के साथ दिखाई दीं और सम्मान ग्रहण करते समय अपने आंसुओं को रोक नहीं सकीं। वहीं दर्शक दीर्घा में बैठीं उनकी बेटी अहाना देओल भी पिता को याद कर फूट-फूटकर रोती नजर आईं।
सिनेमा जगत ने याद किया ‘ही-मैन’ का योगदान
धर्मेंद्र भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के उन चुनिंदा सितारों में शामिल रहे, जिन्होंने एक्शन, रोमांस और कॉमेडी हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई। ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘सत्यकाम’ और ‘यादों की बारात’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है। उन्हें बॉलीवुड का ‘ही-मैन’ कहा जाता था। सोशल मीडिया पर भी इस भावुक पल की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जहां फिल्मी सितारों और प्रशंसकों ने धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































