# Tags
#राज्य

कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में फिर हादसा, गर्म स्पंज आयरन की चपेट में आने से 3 कर्मचारी झुलसे

factory

मुंगेली, 19 जून 2026

सरगांव क्षेत्र के रामबोड़ स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट में एक बार फिर औद्योगिक दुर्घटना सामने आई है। 18 जून की सुबह नियमित मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुए हादसे में तीन कर्मचारी आंशिक रूप से झुलस गए। घटना के बाद सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार प्लांट में कीलन डिस्चार्ज गेट जाम हो जाने के कारण उसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान गेट अचानक खुल गया, जिससे भीतर मौजूद गर्म स्पंज आयरन तेज गति से बाहर निकला और वहां काम कर रहे कर्मचारी उसकी चपेट में आ गए।

घायलों की पहचान अमित कुमार (बिहार), योगेश मीणा (मध्य प्रदेश) और अमरेश दत्ता (ओडिशा) के रूप में हुई है। हादसे के तुरंत बाद प्लांट प्रबंधन ने सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। इनमें से एक कर्मचारी को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं उपचार व्यवस्था का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है।

गौरतलब है कि रामबोड़ स्थित कुसुम स्मेल्टर्स प्लांट इससे पहले भी बड़े औद्योगिक हादसे का गवाह रह चुका है। जनवरी 2025 में प्लांट परिसर में स्थित एक साइलो ढहने से कई श्रमिक मलबे में दब गए थे। लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। मामले में पुलिस ने प्लांट प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की थी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *