# Tags
#अपराध / कानून #राजनीति

सुवेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, 3 हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार,बांग्लादेश बॉर्डर लिंक आया सामने

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। बंगाल पुलिस ने मामले में तीन हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस तीनों आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है, हालांकि इस हाईप्रोफाइल हत्याकांड का मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में सुपारी किलर्स के शामिल होने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं अब इस हत्याकांड का बांग्लादेश बॉर्डर लिंक सामने आने से मामला और गंभीर हो गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद आरोपी उत्तर 24 परगना जिले से बांग्लादेश सीमा की ओर भागे थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी सीमा पार कर बांग्लादेश भागने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

बता दें कि बुधवार रात करीब 10:30 बजे उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम के दोहरिया इलाके में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पूरे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

हत्या के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है और आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की जा रही है। बीजेपी ने इस हत्या के पीछे टीएमसी कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि “टीएमसी के गुंडों” ने सुनियोजित तरीके से हत्या को अंजाम दिया।

वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने आरोपों को खारिज करते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *