नालंदा में माफिया का तांडव: विरोध करने पर पिता-पुत्र को मारी गोली
शराब-ड्रग्स कारोबार का विरोध पड़ा भारी, एक की हालत गंभीर; इलाके में दहशत
नालंदा (बिहार) | 24 अप्रैल 2026
बिहार के नालंदा जिले के बिहार थाना क्षेत्र स्थित थवई मोहल्ला में गुरुवार देर रात कथित शराब और ड्रग्स माफिया के आतंक का मामला सामने आया, जहां विरोध करने पर एक पिता और उसके 12 वर्षीय बेटे को गोली मार दी गई। घटना में 41 वर्षीय सोहन मियां के गाल में गोली लगी, जबकि उनके बेटे अली फरहान के कंधे में गोली लगी है। दोनों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सोहन मियां की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया है।
परिजनों के मुताबिक मोहल्ले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों का धंधा करने वाला आरोपी बेचू मियां उर्फ लंगड़ा अक्सर विवाद करता था। गुरुवार रात भी इसी विवाद के दौरान उसने गोलीबारी कर दी। आरोप है कि पिता-पुत्र ने केवल अवैध गतिविधियों का विरोध किया था, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आरोपों की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
Hindi 























































































































































































































































































































































































