22 मई 2026 | नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस की मुलाकात के दौरान एक खास सेल्फी मोमेंट चर्चा का केंद्र बन गया। हैदराबाद हाउस में हुई बैठक के दौरान साइप्रस के राष्ट्रपति ने खुद मोबाइल फोन से पीएम मोदी के साथ सेल्फी ली। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी और दोस्ताना माहौल देखने को मिला। सेल्फी के बाद दोनों नेताओं ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया, जबकि राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस काफी उत्साहित नजर आए। इस मुलाकात के दौरान भारत और साइप्रस ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को “स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने का बड़ा फैसला लिया।

व्यापार, निवेश और सुरक्षा पर हुई अहम चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति के बीच व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी सहयोग, पश्चिम एशिया संकट और यूक्रेन युद्ध समेत कई अहम वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में साइप्रस से भारत में निवेश लगभग दोगुना हुआ है और आने वाले पांच वर्षों में इसे फिर से दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है।

भारत-ईयू समझौते से खुलेंगी नई संभावनाएं

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और साइप्रस के रिश्ते विश्वास और सहयोग के आधार पर लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को दोनों देशों के लिए नए अवसर पैदा करने वाला बताया। दोनों देशों ने समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई।

संयुक्त टास्क फोर्स बनाने का फैसला

साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने भारत के साथ रिश्तों को नई ऊंचाई देने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि इंफ्रास्ट्रक्चर, शिपिंग और अन्य रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों ने संयुक्त टास्क फोर्स बनाने का फैसला किया है। राष्ट्रपति क्रिस्टोडौलिडेस तीन दिवसीय भारत दौरे पर थे और शुक्रवार को उनका दौरा समाप्त हुआ। इस यात्रा को भारत-साइप्रस संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts