बंगाल में नई सरकार गठन की हलचल तेज, चुनाव आयोग ने जारी किया नोटिफिकेशन
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव आयोग ने नई विधानसभा के गठन को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, जिसे राज्यपाल के पास भेजा गया है। इसके साथ ही बंगाल में नई बीजेपी सरकार के गठन का रास्ता साफ माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 8 मई को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जबकि 9 मई को नई सरकार का शपथग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है।
इधर, चुनाव नतीजों के बाद भी बंगाल की राजनीति में घमासान जारी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 5 मई को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग और बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने इस्तीफा देने से इनकार करते हुए कहा कि जनादेश के साथ गड़बड़ी हुई है। ममता के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति और गरमा गई है।
राजनीतिक विवाद के बीच चुनाव आयोग की ओर से नई विधानसभा गठन का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद संवैधानिक प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 7 मई को समाप्त हो रहा है, ऐसे में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
बीजेपी की जीत के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पार्टी अब विधायक दल की बैठक के जरिए मुख्यमंत्री के नाम और मंत्रिमंडल को अंतिम रूप देने की तैयारी में जुटी हुई है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































