दिल्ली में प्राइवेट बस में महिला से गैंगरेप, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार; राजधानी फिर दहली
देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक प्राइवेट बस में महिला के साथ कथित गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़िता की शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को रानी बाग इलाके से बस में बैठाया और फिर उसे नांगलोई ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। पीड़िता शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद FIR दर्ज की और वारदात में इस्तेमाल की गई बस को भी जब्त कर लिया। जानकारी के अनुसार, बस का रजिस्ट्रेशन बिहार का है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Hindi 









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































