UAE में भारतीयों पर हमले को लेकर पीएम मोदी की कड़ी प्रतिक्रिया, बोले- यह स्वीकार नहीं
संयुक्त अरब अमीरात में भारतीयों पर हुए हमलों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि यूएई में भारतीय नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर हुए हमले की वे सख्त निंदा करते हैं और इस तरह की घटनाएं किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह स्थित ऑयल पोर्ट पर हुए हमले में तीन भारतीय घायल हुए हैं। इस घटना पर भारत सरकार ने भी गंभीर चिंता व्यक्त की है और स्पष्ट किया है कि भारतीय नागरिकों को निशाना बनाना गलत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सभी पक्षों को संयम बरतना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी विवाद का समाधान हिंसा से नहीं, बल्कि बातचीत और कूटनीति के जरिए होना चाहिए।
भारत ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे तुरंत हिंसा रोकें और आम नागरिकों को निशाना न बनाएं, ताकि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनी रह सके।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































