पश्चिम बंगाल में सरकारी नौकरियों की अधिकतम आयु सीमा बढ़ी, नई भर्ती नियमावली लागू
पश्चिम बंगाल सरकार ने सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत देते हुए भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाने का फैसला लिया है। वित्त विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ‘वेस्ट बंगाल सर्विसेज (रेजिंग ऑफ एज-लिमिट) रूल्स, 1981’ में संशोधन कर नई आयु सीमा लागू कर दी गई है। सरकार के मुताबिक यह नया नियम 11 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा। नए प्रावधानों के तहत ग्रुप ‘A’ पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 41 वर्ष कर दी गई है, जबकि ग्रुप ‘B’ पदों के लिए यह सीमा 44 वर्ष होगी। वहीं ग्रुप ‘C’ और ग्रुप ‘D’ श्रेणी की नौकरियों में अब उम्मीदवार 45 वर्ष तक आवेदन कर सकेंगे। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन पदों पर पहले से अधिक आयु सीमा लागू है, वहां पुरानी व्यवस्था ही जारी रहेगी।
Hindi 









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































