पश्चिम बंगाल में ‘योगी मॉडल’ की तैयारी! अवैध कब्जों पर कार्रवाई के लिए यूपी से मंगाए जाएंगे 24 बुलडोजर
15 मई 2026 | सिलीगुड़ी
पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद अब अवैध कब्जों और अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े अभियान की तैयारी शुरू हो गई है। राजू बिस्ता ने सिलीगुड़ी में प्रशासनिक बैठक के बाद कहा कि शहर में बड़े पैमाने पर हुए अवैध निर्माणों को हटाने के लिए उत्तर प्रदेश से करीब 24 बुलडोजर मंगाए जा रहे हैं। इसे लेकर पश्चिम बंगाल में “योगी मॉडल” लागू होने की चर्चा तेज हो गई है।
प्रशासनिक बैठक में बनी रणनीति
सिलीगुड़ी महकमा शासक कार्यालय में हुई अहम बैठक में कानून-व्यवस्था, अवैध कब्जे, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई। बैठक में पुलिस कमिश्नर, दार्जिलिंग पुलिस अधीक्षक और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
‘अवैध निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं’
राजू बिस्ता ने कहा कि शहर में सरकारी जमीन, नदी किनारे और कई इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हुए हैं, जिन्हें हटाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कब्जाधारकों ने खुद निर्माण नहीं हटाए, तो प्रशासन बुलडोजर कार्रवाई करेगा।
नगर निगम पर उठाए सवाल
बीजेपी सांसद ने सिलीगुड़ी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि निगम अवैध निर्माण रोकने में पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर जवाब मांगा जाएगा।
अवैध कारोबार पर भी होगी कार्रवाई
राजू बिस्ता ने कहा कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध नदी खनन, अवैध टोल वसूली और जमीन दलाली जैसे मामलों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव में उठा था ‘योगी मॉडल’ का मुद्दा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान बीजेपी नेताओं ने कई बार राज्य में योगी आदित्यनाथ के “बुलडोजर मॉडल” को लागू करने की बात कही थी। उत्तर प्रदेश में अपराधियों और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ हुई बुलडोजर कार्रवाई को बीजेपी लगातार कानून-व्यवस्था सुधारने का मॉडल बताती रही है।
Hindi 


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































