10वीं में 77.15% और 12वीं में 83.04% छात्र पास, बेटियों का दबदबा बरकरार
रायपुर। Chhattisgarh Board of Secondary Education ने वर्ष 2026 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस बार दोनों कक्षाओं के परिणाम में सुधार दर्ज किया गया है। हाईस्कूल (10वीं) में 77.15% और हायर सेकेंडरी (12वीं) में 83.04% परीक्षार्थी सफल रहे। दोनों ही परीक्षाओं में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है।
10वीं बोर्ड परीक्षा में कुल 3,21,677 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 3,16,730 छात्र परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 1,40,402 बालक और 1,76,328 बालिकाएं थीं। घोषित परिणामों के अनुसार 3,14,953 परीक्षार्थियों के नतीजे जारी किए गए, जिनमें 2,43,016 छात्र सफल रहे। इस तरह कुल पास प्रतिशत 77.15% रहा।
छात्राओं का प्रदर्शन इस वर्ष भी शानदार रहा। बालिकाओं का पास प्रतिशत 81.03% रहा, जबकि बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 72.27% दर्ज किया गया। यानी छात्राएं 8.76% की बढ़त के साथ आगे रहीं।
श्रेणीवार परिणाम की बात करें तो प्रथम श्रेणी में 1,40,108 (44.48%) छात्र, द्वितीय श्रेणी में 96,721 (30.71%) और तृतीय श्रेणी में 6,187 (1.96%) छात्र उत्तीर्ण हुए। वहीं 19,347 परीक्षार्थी एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण रहे।
इसके अलावा 161 परीक्षार्थियों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए हैं, जिनमें 15 नकल प्रकरण और 143 जांच के मामले शामिल हैं। 1,616 परीक्षार्थियों के आवेदन पात्रता के अभाव में निरस्त किए गए हैं, जबकि 3 छात्रों के परिणाम बाद में घोषित किए जाएंगे।
पिछले वर्ष 2025 में 10वीं का पास प्रतिशत 76.53% था, जबकि इस वर्ष इसमें 0.62% की वृद्धि दर्ज की गई है। कुल मिलाकर इस बार परिणाम में सुधार के साथ-साथ छात्राओं का प्रदर्शन एक बार फिर चर्चा में रहा।
Hindi 








































































































































































































































































































































































































































