“शुभेंदु अधिकारी ने 5000 TMC कार्यकर्ताओं की जान बचाई”, निलंबित टीएमसी नेता रिजु दत्ता का बड़ा दावा
11 मई 2026 | कोलकाता
तृणमूल कांग्रेस से निलंबित नेता रिजु दत्ता ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में संभावित हिंसा रोककर हजारों टीएमसी कार्यकर्ताओं की जान बचाई। रिजु दत्ता ने कहा कि अगर शुभेंदु अधिकारी बदले की राजनीति का संदेश देते, तो बंगाल में हालात बेहद गंभीर हो सकते थे।
“अगर बदले की बात कहते तो बंगाल में खून-खराबा होता”
रिजु दत्ता ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बने अभी केवल दो दिन हुए हैं, लेकिन इस दौरान उन्होंने कम से कम 5000 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जान बचाई है। उन्होंने बताया कि 6 मई को शुभेंदु अधिकारी के पीए की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बावजूद शुभेंदु अधिकारी ने अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील की और किसी को भी कानून हाथ में न लेने की सलाह दी।
रिजु दत्ता के मुताबिक, अगर उस समय शुभेंदु अधिकारी आक्रामक बयान देते या बदले की कार्रवाई का संकेत देते, तो राज्य में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़क सकती थी। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वह शुभेंदु अधिकारी को सलाम करते हैं।
“अब वो सिर्फ बीजेपी नेता नहीं, बंगाल के मुख्यमंत्री हैं”
रिजु दत्ता ने कहा कि बंगाल की जनता ने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री चुना है और अब उन्हें पूरे राज्य के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि वह एक बंगाली होने के नाते नई सरकार पर नजर रखेंगे कि क्या राज्य में हिंसा रुकती है, महिलाओं को सुरक्षा मिलती है और अपराधियों पर कार्रवाई होती है या नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी, तो वह सवाल भी उठाएंगे। रिजु दत्ता ने यह भी कहा कि अब शुभेंदु अधिकारी केवल बीजेपी के नेता नहीं, बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री हैं।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में बीजेपी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई। राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनी है और शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनाया गया है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह जीत बीजेपी के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Hindi 
















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































