# Tags
#अपराध / कानून #राज्य

जमीन के टुकड़े ने ली दो जानें: कहीं भाई बना भाई का कातिल, तो कहीं ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या

murder1

बेमेतरा/सूरजपुर, 1 जून 2026

छत्तीसगढ़ में जमीन विवाद को लेकर हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। बेमेतरा और सूरजपुर जिलों में हुए खूनी संघर्ष में दो लोगों की जान चली गई। एक मामले में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी, जबकि दूसरे मामले में एक ग्रामीण को लाठी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया।

बेमेतरा जिले के मुरकुटा गांव में रहने वाले विद्यासागर नवरंग का गांव के ही गैदलाल नवरंग के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह जब विद्यासागर घर से निकला, तभी आरोपी ने उस पर लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि विद्यासागर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

वहीं सूरजपुर जिले के झिलमिली थाना क्षेत्र के करकोटी गांव में जमीन विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। बताया जा रहा है कि दो भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बड़े भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दोनों हत्याओं की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *