मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें जनप्रतिनिधि : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
सूरजपुर, 17 जून 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर प्रवास के दौरान नवनिर्मित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए जनसेवा और विकास के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वार्ड क्रमांक 06 में सुसज्जित मंगल भवन निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। उन्होंने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्र की वर्षों पुरानी आकांक्षा की पूर्ति है, जिससे सुनियोजित नगरीय विकास और बेहतर आधारभूत सुविधाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों को जनता और शासन के बीच मजबूत सेतु बनना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री कॉल सेंटर का उपयोग कर अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील करते हुए कहा कि सरकार समयबद्ध और प्रभावी समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि शिवनंदनपुर के नगर पंचायत बनने से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी एवं जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया। समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नए आवासों की चाबियां सौंपी गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोषण आहारों का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर योजना के लाभों की जानकारी ली।
कार्यक्रम में मत्स्य पालन प्रसार योजना, आयुष्मान भारत योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं लाभ वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और नवाचारों का प्रदर्शन भी किया गया।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































