# Tags
#Sports

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026: खेल के साथ पर्यटन का अनूठा संगम

सिरपुर और बारनवापारा भ्रमण से खिलाड़ियों ने जाना छत्तीसगढ़ की संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य, मेहमाननवाज़ी ने जीता दिल

रायपुर, 30 मार्च 2026/
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के रंग में इस समय पूरा छत्तीसगढ़ सराबोर नजर आ रहा है। खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य भी देशभर से आए खिलाड़ियों को आकर्षित कर रहा है। अंडमान-निकोबार से आए वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों के लिए सिरपुर और बारनवापारा अभयारण्य का भ्रमण उनकी यात्रा को और यादगार बना गया।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा खिलाड़ियों को ऐतिहासिक नगरी सिरपुर का भ्रमण कराया गया, जहां उन्होंने प्राचीन मंदिरों, बौद्ध विहारों और पुरातात्विक धरोहरों के माध्यम से राज्य के गौरवशाली इतिहास को करीब से जाना। सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत ने खिलाड़ियों को खासा प्रभावित किया और उन्होंने इसकी समृद्ध संस्कृति की सराहना की।

इसके बाद खिलाड़ियों ने बारनवापारा अभयारण्य का भ्रमण किया, जहां की सुरम्य वादियों और प्राकृतिक वातावरण ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। घने जंगल, शांत वातावरण और हरियाली से भरपूर इस क्षेत्र में खिलाड़ियों ने सुकून के पल बिताए। बारनवापारा स्थित छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के हरेली इको रिसोर्ट में उन्होंने स्थानीय स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया।

इस दौरान खिलाड़ियों के लिए बाँबू राफ्टिंग भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लेते हुए प्राकृतिक जलधाराओं के बीच रोमांच का अनुभव किया। यह गतिविधि न केवल मनोरंजक रही, बल्कि टीम भावना को भी मजबूत करने वाली साबित हुई।

छत्तीसगढ़ की आत्मीयता और मेहमाननवाज़ी ने सभी खिलाड़ियों का दिल जीत लिया। अंडमान-निकोबार से आए खिलाड़ियों ने राज्य सरकार एवं छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अनुभव उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में शामिल रहेगा।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के माध्यम से छत्तीसगढ़ न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों और आतिथ्य परंपरा को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रहा है। यह आयोजन राज्य की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *