सिक्किम दौरे पर PM मोदी, 4000 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं की देंगे सौगात
नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर आज सिक्किम पहुंच रहे हैं, जहां वे राज्य के 50वें स्थापना वर्ष (स्वर्ण जयंती) के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान पीएम मोदी 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वे सोमवार दोपहर करीब 3 बजे गंगटोक पहुंचेंगे और 28 अप्रैल को पालजोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में भाग लेकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा पर खास फोकस
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री स्वास्थ्य, शिक्षा, कनेक्टिविटी, ऊर्जा और शहरी विकास से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट्स की शुरुआत करेंगे। नामची जिले के यांगांग में 100 बेड के आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला रखी जाएगी, जबकि देओराली में 30 बेड के ‘सोवा रिग्पा’ अस्पताल का उद्घाटन होगा। इसके अलावा सिक्किम विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर, हेलन लेपचा मेडिकल कॉलेज, डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज और कई मॉडल स्कूल-कॉलेजों का उद्घाटन भी किया जाएगा।
कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
प्रधानमंत्री तीस्ता नदी पर दो डबल-लेन स्टील आर्क पुलों की आधारशिला रखेंगे और नामची को जोड़ने वाली सड़क का उद्घाटन करेंगे। शहरी विकास के तहत जन सेवा सचिवालय, सिविल सेवा संस्थान और आवास योजनाओं की शुरुआत होगी। वहीं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘रिज प्रीसिंक्ट’ पुनर्विकास, इको-टूरिज्म प्रोजेक्ट्स और कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़ी सुविधाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा।
Hindi 















































































































































































































































































































































































































