# Tags
#राज्य

तेंदूपत्ता अग्निकांड पर सरकार सख्त: बीजापुर DFO हटाए गए, मंत्री केदार कश्यप बोले— आदिवासियों के हक से समझौता नहीं

WhatsApp Image 2026 05 27 at 15.03.49

रायपुर, 27 मई। बीजापुर जिले में हुए तेंदूपत्ता अग्निकांड मामले में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। वनवासियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों की मेहनत को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने बीजापुर के वनमंडलाधिकारी (डीएफओ) रमेश कुमार जांगड़े को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। उन्हें प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय, रायपुर में संबद्ध किया गया है।

मंत्री केदार कश्यप ने स्पष्ट कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों और आदिवासी परिवारों के हितों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

वन विभाग की ओर से तेंदूपत्ता संग्रहण एवं प्रबंधन में अनुभवी अधिकारी की तैनाती बीजापुर में की जा रही है, ताकि संग्रहण कार्य प्रभावित न हो और वनवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदिवासियों और वन आश्रित परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। तेंदूपत्ता केवल वन उपज नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका का प्रमुख साधन है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीरता से लिया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, अग्निकांड से बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता प्रभावित हुआ है, जिससे स्थानीय संग्राहकों को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका है। मामले की जांच के बाद वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाएगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *