लोकतंत्र की पाठशाला बना छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर, शकुंतला विद्यालय के विद्यार्थियों ने देखी सदन की कार्यवाही; CM साय और डॉ. रमन सिंह से की मुलाकात
रायपुर, 14 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ विधानसभा के पावस सत्र के दौरान मंगलवार को विधानसभा परिसर लोकतंत्र की पाठशाला बन गया। भिलाई स्थित शकुंतला विद्यालय के कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण पर विधानसभा पहुंचा, जहां उन्होंने सदन की कार्यवाही का प्रत्यक्ष अवलोकन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था और संसदीय परंपराओं को करीब से समझा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के भविष्य के निर्माता हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनता की आकांक्षाओं को सदन में अभिव्यक्त करने की सतत प्रक्रिया है। विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा कर नीतियां और कानून बनाए जाते हैं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और विधायक रिकेश सेन भी मौजूद रहे।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दर्शक दीर्घा से प्रश्नकाल, विभिन्न विषयों पर चर्चा और संसदीय प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने विधानसभा भवन की संरचना, कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।
विद्यार्थियों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि पुस्तकों में पढ़ी गई संसदीय व्यवस्था को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर उनके लिए बेहद खास रहा। उन्होंने कहा कि इस भ्रमण से लोकतंत्र, संविधान और जनप्रतिनिधियों की भूमिका के प्रति उनकी समझ और अधिक मजबूत हुई है।
Hindi 



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































