मीरा रोड पर बकरीद से पहले बढ़ा तनाव, शेड हटाने को लेकर दो समुदायों में विवाद और हाथापाई
26 मई 2026 | मुंबई
मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में बकरीद से पहले एक बार फिर तनाव की स्थिति देखने को मिली है। मीरा रोड के पूनम क्लस्टर स्थित सृष्टि कॉम्पलेक्स में कुर्बानी के बकरों के लिए बनाए गए अस्थायी शेड को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद बढ़ गया। जानकारी के अनुसार स्थानीय नगर पालिका ने हिंदू पक्ष की शिकायत के बाद मुस्लिम समुदाय द्वारा बनाए गए शेड को डिमोलिश कर दिया, जिसके बाद इलाके में विवाद शुरू हो गया। बाद में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई की भी खबर सामने आई है।
शेड दोबारा बनाए जाने पर बढ़ा विवाद
आरोप है कि डिमोलिशन के बाद रात में दोबारा शेड तैयार करने की कोशिश की गई, जिसके बाद कुछ हिंदू संगठनों के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई जो बाद में तनाव और हाथापाई तक पहुंच गई। मामले की सूचना मिलने के बाद काशी मीरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने समझाइश देकर मामला शांत कराया था।
बकरीद से पहले संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्क हो गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है। बकरीद के मद्देनजर पुलिस और स्थानीय प्रशासन इलाके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Hindi 


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































